ऑर्केस्ट्रा की आड़ में दरिंदगी का भंडाफोड़

गोपालगंज में महाछापेमारी, 40 से अधिक नाबालिग लड़कियां मुक्त, 22 तस्कर गिरफ्तार**

गोपालगंज। बिहार में ऑर्केस्ट्रा के नाम पर चल रहे शर्मनाक और संगठित अपराध का बड़ा खुलासा हुआ है। गोपालगंज जिले में देर रात चली व्यापक कार्रवाई के दौरान 15 ऑर्केस्ट्रा समूहों से 40 से अधिक नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया, जबकि बाल तस्करी और यौन शोषण में संलिप्त 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई कमजोर वर्ग के लिए अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अमित कुमार जैन के नेतृत्व में तथा गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी की निगरानी में की गई। अभियान में कुचायकोट थाना, पटना पुलिस मुख्यालय के अधिकारी, स्वैच्छिक कार्य संघ और नारायणी सेवा संस्थान की टीमें शामिल रहीं। ये दोनों संस्थाएं जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन की सहयोगी हैं, जो देशभर में सैकड़ों संगठनों के साथ मिलकर बच्चों के अधिकारों के लिए काम करता है।

पुलिस के अनुसार, मुक्त कराई गई सभी लड़कियों की उम्र 10 से 17 वर्ष के बीच है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि इन्हें पश्चिम बंगाल, असम, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ से तस्करी कर बिहार लाया गया था। शादी-ब्याह के मौसम में इन मासूमों को ऑर्केस्ट्रा के नाम पर मंचों पर अश्लील भोजपुरी गानों पर घंटों नचाया जाता था और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी उनका यौन शोषण किया जाता था।

एक महीने तक चली गुप्त निगरानी के बाद इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। छापेमारी जानबूझकर उस दिन की गई, जब जिले में कोई विवाह समारोह नहीं था, ताकि पूरा नेटवर्क एक साथ पकड़ा जा सके। प्रारंभिक परामर्श के दौरान कई डरी-सहमी लड़कियों ने बताया कि उन्हें उनके तथाकथित प्रेमियों ने बेच दिया था या फिर पैसे, शोहरत और बेहतर जीवन का लालच देकर इस दलदल में धकेल दिया गया।

स्वैच्छिक कार्य संघ के वरिष्ठ निदेशक मनीष शर्मा ने कहा कि यह कार्रवाई साफ दिखाती है कि किस तरह नाबालिग लड़कियों की तस्करी कर उन्हें सुनियोजित रूप से ऑर्केस्ट्रा समूहों में झोंका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह एक गंभीर संगठित अपराध है, जिसमें बच्चों के साथ अमानवीय व्यवहार किया जा रहा है, और अब दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा देना जरूरी है।

जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के राष्ट्रीय संयोजक रवि कांत ने कहा कि ऑर्केस्ट्रा के जरिए चल रहा यह तस्करी तंत्र कोई अलग-थलग घटना नहीं, बल्कि एक गहरी जड़ें जमाए आपराधिक व्यवस्था है। इसे खत्म करने के लिए राज्यों के बीच मजबूत समन्वय, शादी के मौसम में सख्त निगरानी और कठोर जवाबदेही तंत्र की तत्काल आवश्यकता है।

कार्रवाई के बाद सभी पीड़ित बच्चियों को परामर्श देकर सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया तेज कर दी गई है। #OrchestraScam

#BiharTrafficking #गोपालगंजराइड #Minor girl रेस्क्यूड #ChildTraffickingRacket #WeddingSeasonCrime #BiharPoliceAction #HumanTraffickingIndia #CrimeAgainstChildren

#ऑर्केस्ट्रा_के_नाम_पर_अपराध #बिहार_में_बालतस्करी #गोपालगंज_छापेमारी #नाबालिग_लड़कियां_मुक्त #बच्चों_पर_अत्याचार #शादी_मौसम_का_काला_सच #पुलिस_की_बड़ी_कार्रवाई #मानव_तस्करी_का_जाल #बाल_अधिकार #दरिंदगी_के_खिलाफ_एक्शन

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *