देहरादून। पोलियो उन्मूलन के राष्ट्रीय संकल्प को सफल बनाने के लिए जनपद देहरादून में राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस (28 जून, 2026) को व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इस दिन जिले भर में 1505 बूथों के माध्यम से 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को जीवनरक्षक पोलियो खुराक पिलाई जाएगी।

जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में आयोजित जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में अभियान की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए, क्योंकि यह अभियान राष्ट्रीय महत्व का है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अस्वीकार्य होगी।
बैठक में बताया गया कि 28 जून को लगाए जाने वाले 1505 बूथों में 1399 स्थिर बूथ, 82 ट्रांजिट बूथ और 24 मोबाइल बूथ शामिल हैं। इसके बाद 29 जून से 04 जुलाई तक विशेष घर-घर अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रत्येक घर तक पहुंचकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी। इस चरण में 1498 टीमें और 444 पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया कि सभी बूथों, ट्रांजिट एवं मोबाइल टीमों की व्यवस्थाएं समय से पूर्ण हों और वैक्सीन, वैक्सीन कैरियर, प्रचार सामग्री तथा मानव संसाधन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील, दुर्गम और प्रवासी आबादी वाले क्षेत्रों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
शिक्षा विभाग को विद्यालयों के माध्यम से व्यापक जन-जागरूकता फैलाने, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के जरिए घर-घर संपर्क करने तथा पंचायती राज विभाग को ग्राम पंचायतों व जनप्रतिनिधियों के सहयोग से ग्रामीण क्षेत्रों में अभियान को मजबूती देने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को ट्रांजिट बूथों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की जिम्मेदारी सौंपी गई। जिलाधिकारी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी कि यदि किसी क्षेत्र में कोई बच्चा पोलियो खुराक से वंचित पाया गया, तो संबंधित अधिकारी और कार्मिक की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य कर राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस को शत-प्रतिशत सफल बनाने का आह्वान किया

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।