होटल बन चुके होमस्टे, रातभर बार-डीजे और गैरकानूनी गतिविधियां; प्रशासन बोला—कानून से ऊपर कोई नहीं
देहरादून, जनपद में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी सविन बंसल ने सख्त रुख अपनाते हुए तथाकथित “होमस्टे” के नाम पर चल रहे अवैध होटलों पर बड़ा एक्शन लिया है। जिला प्रशासन ने ‘ऑपरेशन सफाई’ के तहत पहले चरण में 17 होमस्टे का पंजीकरण निरस्त कर दिया है और इन्हें पर्यटन विभाग की वेबसाइट से हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
दरअसल, जांच में सामने आया कि कई होमस्टे नियमों को ताक पर रखकर होटल और पार्टी हाउस के रूप में संचालित किए जा रहे थे। यहां देर रात तक अवैध बार, तेज डीजे और नशे से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ रही थी।
प्रशासन के मुताबिक, इन होमस्टे में ठहरने वाले कई लोग उपद्रवी प्रवृत्ति के पाए गए, जो शहर में नशे की हालत में ओवरस्पीडिंग, हुड़दंग और यहां तक कि अवैध हथियारों से फायरिंग जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। इसे आम जनता की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “आमजन की जान के साथ खिलवाड़ कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कानून से ऊपर कोई नहीं है, और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी।”
7 दिन में 5 टीमें, बड़ा खुलासा
महज 7 दिनों के भीतर मजिस्ट्रेट स्तर की 5 टीमों का गठन कर सहसपुर और रायपुर विकासखंड के नगरीय क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 17 होमस्टे ऐसे पाए गए जो उत्तराखंड होमस्टे नियमावली के अनुरूप संचालित नहीं हो रहे थे।
जांच में क्या-क्या मिला?
- कई होमस्टे में रसोई व्यवस्था ही नहीं थी
- अग्निशमन उपकरण या तो नहीं थे या एक्सपायर हो चुके थे
- फूड लाइसेंस का अभाव
- पंजीकरण से अधिक कमरों का संचालन
- मालिक की अनुपस्थिति, लीज/किराये पर संचालन
- विदेशी नागरिकों के ठहराव की सूचना (C-Form) नहीं
- कुछ स्थानों पर बारात घर और कमर्शियल गतिविधियों का संचालन
मूल उद्देश्य से भटके होमस्टे
प्रशासन ने कहा कि होमस्टे योजना का उद्देश्य स्थानीय संस्कृति, खानपान और रोजगार को बढ़ावा देना है, लेकिन इसे मुनाफाखोरी और अवैध गतिविधियों का अड्डा बना दिया गया है, जो कतई स्वीकार्य नहीं है।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
जिलाधिकारी ने साफ कर दिया है कि यह कार्रवाई केवल शुरुआत है। आगे भी पूरे जनपद में ऐसे होमस्टे की जांच जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
#Dehradun #HomestayAction #DMAction #OperationSafai #IllegalHotels #LawAndOrder #Uttarakhand #BreakingNews #TourismRules #StrictAction

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।