भीषण गर्मी के चलते देहरादून में 27 अप्रैल को स्कूल व आंगनबाड़ी केंद्र बंद

देहरादून। जिले में लगातार बढ़ते तापमान और लू (हीट वेव) की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। अत्यधिक गर्मी से बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जनपद देहरादून में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शासकीय, गैर-शासकीय एवं निजी स्कूलों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग एवं आपदा प्रबंधन से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार 27 अप्रैल को भी जिले में अत्यधिक गर्मी और लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है। वर्तमान हालात में हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है, विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के लिए।

जिला प्रशासन द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विद्यार्थियों एवं आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा के दृष्टिगत यह निर्णय लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे आदेश का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराएं।

वहीं, मुख्य चिकित्साधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि जिले के सभी सरकारी और निजी चिकित्सालयों में हीट वेव से निपटने के लिए आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं, शीतल पेयजल, दवाइयां और आपातकालीन सेवाएं विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए सुनिश्चित की जाएं।

प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि अत्यधिक धूप में बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं और सावधानी बरतें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *