देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में लगातार हो रही भारी बारिश के मद्देनजर जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। मौसम विभाग द्वारा जारी भारी से बहुत भारी बारिश और आकाशीय बिजली चमकने के ‘ऑरेंज अलर्ट’ (Orange Alert) को देखते हुए जिला मजिस्ट्रेट ने कल यानी 06 अगस्त 2026 को जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी है।
इस आदेश के तहत देहरादून जनपद के अंतर्गत आने वाले कक्षा 1 से 12 तक के सभी शासकीय, गैर-शासकीय (सरकारी सहायता प्राप्त) और निजी (प्राइवेट) स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी एक दिन का अवकाश रहेगा।
मौसम विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल (National Disaster Alert Portal) द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों में जिले में कहीं-कहीं अत्यधिक तीव्र बारिश होने की संभावना है, जिससे किसी भी अप्रिय घटना का खतरा बना हुआ है। आपदा न्यूनीकरण और बच्चों की सुरक्षा के दृष्टिगत जिला प्रशासन ने यह एहतियाती कदम उठाया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी स्कूलों और केंद्रों में इस आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराएं.

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।