देहरादून में भारी बारिश का ‘ऑरेंज’ अलर्ट; कल 31 अगस्त को कक्षा 1 से 12वीं तक के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र रहेंगे

देहरादून। जनपद में लगातार हो रही तेज बारिश और मौसम विभाग द्वारा जारी भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिलाधिकारी (डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट) एवं अध्यक्ष, जनपद आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, देहरादून द्वारा जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, कल यानी 31 अगस्त 2026 को जिले के सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।

24 घंटे के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), देहरादून और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल द्वारा जारी लेटेस्ट वेदर फोरकास्ट के अनुसार, अगले 24 घंटों में देहरादून जनपद में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी वर्षा होने, आकाशीय बिजली चमकने और अत्यंत तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका जताई गई है। मौसम के इसी गंभीर रूप को देखते हुए प्रशासन ने जिले में ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है।

छात्रों की सुरक्षा के लिए लिया गया फैसला

मौसम विभाग की चेतावनी के बाद किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने और आपदा जोखिम को कम करने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार, जनपद के अंतर्गत आने वाले सभी शासकीय (सरकारी), गैर-शासकीय (सरकारी सहायता प्राप्त) और निजी (प्राइवेट) स्कूलों में कक्षा 01 से लेकर 12 तक के सभी छात्रों और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए एक दिन का अवकाश घोषित किया गया है।

कड़ाई से पालन करने के निर्देश

मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून और जिला कार्यक्रम अधिकारी देहरादून को निर्देश दिए गए हैं कि वे सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में इस आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराएं। प्रशासन ने आम जनता और अभिभावकों से भी अपील की है कि वे खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से नदी-नालों या संवेदनशील इलाकों की ओर जाने से बचें।

#DehradunSchoolHoliday#DehradunRainAlert#UttarakhandWeather#SchoolHolidayNews#DehradunNews

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *