- 95 फीसदी काम पूरा होने का दावा, बाकी सड़कों के लिए 16 अक्टूबर आखिरी तारीख; अब बहाने नहीं, नतीजे चाहिए
देहरादून। सड़कों के गड्ढे भरने की तय समयसीमा बीतने के बावजूद काम अधूरा रहने पर गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। गुरुवार को समीक्षा बैठक में उन्होंने शेष सड़कों को 16 अक्टूबर तक हर हाल में गड्ढामुक्त करने का अल्टीमेटम दिया। साफ चेतावनी दी कि काम में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

अधिकारियों ने बारिश और डामरीकरण के लिए अनुकूल तापमान न मिलने का हवाला देते हुए बताया कि करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। लेकिन सवाल यह है कि जब सड़कों को गड्ढामुक्त करने की समयसीमा तय थी, तो फिर काम अधूरा क्यों रह गया? आम जनता रोजाना गड्ढों के बीच सफर करने को मजबूर है और जिम्मेदार विभाग अब तक काम पूरा होने का इंतजार करा रहे हैं।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि शेष सड़कों की मरम्मत प्राथमिकता से पूरी की जाए और अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में काम की निगरानी करें। अब देखना यह होगा कि 16 अक्टूबर तक सड़कें वास्तव में गड्ढामुक्त होती हैं या फिर समयसीमा और दावों का सिलसिला आगे भी जारी रहता है।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, ब्रिडकुल, राष्ट्रीय राजमार्ग, आरडब्ल्यूडी और बीआरओ समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।