देहरादून। जनहित और शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने रविवार साप्ताहिक बाजार को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के निर्देश पर लैंसडाउन चौक के समीप रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले संडे बाजार को अब शहर से बाहर आईएसबीटी, देहरादून के समीप स्थानान्तरित कर दिया गया है।

रेंजर्स ग्राउंड में प्रत्येक रविवार लगने वाले बाजार के कारण लैंसडाउन चौक, दर्शनलाल चौक, बुद्धा चौक, दून अस्पताल चौक और क्रॉस रोड तिराहा सहित आसपास के क्षेत्रों में अक्सर यातायात जाम की स्थिति बनी रहती थी। अव्यवस्थित पार्किंग और भारी भीड़ के चलते आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। इसके साथ ही दून अस्पताल और दून मेडिकल कॉलेज आने-जाने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा एम्बुलेंस सेवाओं के आवागमन में भी बाधा उत्पन्न हो रही थी।
प्रशासन के अनुसार बुजुर्गों, बच्चों और आपातकालीन सेवाओं को हो रही दिक्कतों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। रविवार वीकली बाजार कल्याण समिति द्वारा भी रेंजर्स ग्राउंड में लगने वाले बाजार को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानान्तरित करने का अनुरोध किया गया था। इस संबंध में आयोजित बैठक में विचार-विमर्श के बाद रेंजर्स ग्राउंड में संडे बाजार के संचालन पर रोक लगाने का फैसला किया गया

अब रविवार साप्ताहिक बाजार आईएसबीटी, देहरादून के समीप उत्तराखण्ड मेट्रो रेल शहरी अवस्थापना एवं भवन निर्माण निगम लिमिटेड की भूमि पर लगाया जाएगा। यह भूमि उत्तराखण्ड शासन के शासनादेश के अंतर्गत मेट्रो परियोजना के लिए लीज पर दी गई है और वर्तमान में खाली है तथा एमडीडीए के नियंत्रण में है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मेट्रो परियोजना का कार्य शुरू होने तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
जिला प्रशासन का मानना है कि इस निर्णय से शहर में यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम जनता को जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।