देहरादून: उत्तराखंड में मॉनसून ने कहर मचा दिया है। भारी से भारी बारिश की चपेट में पूरा प्रदेश है। बारिश के असर को देखते हुए सरकार और प्रशासन आसमानी आपदा से निपटने की कोशिशों में जुटे हैं। पहाड़ों पर लोगों की यात्रा को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश और भूस्खलन के कारण प्रदेश में 16 लोगों की मौत की सूचना है। वहीं, छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। भारी बारिश के बाद चार धाम यात्रा भी प्रभावित हुई है। ट्रेक रूट पर भीमभली के पास भूस्खलन के बाद केदारनाथ घाटी पूरी तरह से कट गई, जिससे करीब 450 लोग फंस गए। वहीं, केदारनाथ राजमार्ग सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच बह गया। नतीजतन, तीर्थस्थल के लिए चार धाम यात्रा रोक दी गई है।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी स्वयं पूरे मामले की देखरेख में जुटे हैं। सीएम कार्यालय की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि केदारनाथ ट्रेकिंग रूट पर कई जगहों पर भूस्खलन के कारण तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा को फिलहाल रोक दिया गया है। सूत्रों के अनुसार, भारतीय वायु सेना शुक्रवार से केदारनाथ में चल रहे बचाव अभियान में शामिल होगी। एसडीआरएफ कमांडेंट मणिकांत मिश्रा ने कहा कि केदारनाथ यात्रा मार्ग पर भीमबली, रामबाड़ा, लिनचोली में फंसे लगभग 425 लोगों को एयरलिफ्ट किया गया। सोनप्रयाग और भीमबली के बीच फंसे लगभग 1100 लोगों को वैकल्पिक मार्ग के जरिए सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।