भाई ने ही भाई को मारी गोली, हज पर गए माता-पिता पर टूटा दुखों का पहाड़

देहरादून.   राजधानी देहरादून के पटेलनगर क्षेत्र स्थित शिमला बाइपास रोड के भुड्ढी गांव में हुई सनसनीखेज हत्या के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 25 वर्षीय सोहेल की गोली मारकर हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके छोटे भाई ने ही की।

बताया जा रहा है कि किसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान गुस्से में आकर छोटे भाई ने घर में मौजूद बंदूक से सोहेल पर बेहद नजदीक से गोली चला दी। गोली सीधे गले में लगी और सिंगल राउंड में ही युवक की मौके पर मौत हो गई।

घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीणों ने शव को मुख्य मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। हत्या का खुलासा होने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया, लेकिन गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। लोगों के बीच यह सवाल तेजी से उठ रहा है कि बंदूक घर में कहां से आई और कैसे लाई गई। पुलिस इस पहलू की भी गहराई से जांच कर रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पहुंचे प्रमेन्द्र डोभाल ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया। पुलिस मृतक के छोटे भाई से लगातार पूछताछ कर रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।

इस दर्दनाक घटना ने तब और भावुक मोड़ ले लिया जब सामने आया कि मृतक सोहेल के माता-पिता इन दिनों सऊदी अरब में हज यात्रा पर हैं। जानकारी के अनुसार परसों उनकी हज से वापसी होनी है। बेटे की हत्या की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

घर में जहां हज की खुशी की तैयारी थी, वहीं अब मातम पसरा है। भाई के हाथों भाई की हत्या ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का औपचारिक खुलासा किया जाएगा और दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *