- पुलिस ने दिया सुरक्षा का भरोसा
- कोटद्वार विवाद ने पकड़ा राजनीतिक रंग
दुकान के नाम से शुरू हुआ विवाद, अब सियासी घमासान
स्थानीय विवाद बना राष्ट्रीय बहस का मुद्दा
कोटद्वार (पौड़ी गढ़वाल): उत्तराखंड के कोटद्वार में एक दुकान के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद अब राजनीतिक रंग ले चुका है। स्थानीय स्तर पर हुए विरोध-प्रदर्शनों के बीच जिम में काम करने वाले युवक दीपक चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। मामला बढ़ने के बाद लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने खुलकर दीपक का समर्थन किया है और उन्हें “भारत का हीरो” बताया है।
जानकारी के अनुसार, कोटद्वार में वर्षों से संचालित एक दुकान के नाम ‘बाबा’ को लेकर कुछ संगठनों ने आपत्ति जताई थी। दुकान संचालक शोएब अहमद का कहना है कि वह करीब तीन दशकों से यह दुकान चला रहे हैं। विरोध के दौरान दीपक ने मौके पर पहुंचकर कथित दबाव का विरोध किया, जिसके बाद उनके खिलाफ भी विरोध शुरू हो गया और शहर में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।
मामला सुर्खियों में आने के बाद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर दीपक की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि वह नफरत के माहौल में इंसानियत और संविधान के पक्ष में खड़े हुए हैं। उन्होंने लिखा कि समाज में डर और विभाजन फैलाने की राजनीति देश के हित में नहीं है। राहुल गांधी ने युवाओं से शांति और सद्भाव का रास्ता अपनाने की अपील करते हुए कहा कि ऐसे समय में साहस के साथ खड़े होना जरूरी है।
उधर, विवाद के बाद दीपक ने एक वीडियो जारी कर बताया कि पुलिस प्रशासन ने उन्हें सुरक्षा का भरोसा दिया है। दीपक के मुताबिक, हालिया घटनाक्रम के बाद पुलिस अधिकारियों ने उनसे बातचीत की और आश्वस्त किया कि भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन का सहयोग मिल रहा है और शहर का माहौल शांत बनाए रखने की कोशिश की जा रही है।
दीपक ने आम लोगों से संयम और भाईचारा बनाए रखने की अपील की। साथ ही समर्थन करने वालों का आभार जताते हुए कहा कि फिलहाल परिस्थितियों को देखते हुए वह लोगों से व्यक्तिगत रूप से नहीं मिल पा रहे हैं।

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।