चम्पावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनपद चम्पावत को विकास की बड़ी सौगात देते हुए 165.68 करोड़ रुपये की लागत वाली 54 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 21 योजनाओं का लोकार्पण और 33 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विकास कार्यों का भूमि पूजन भी किया। उन्होंने सरकारी योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया और विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल विकास योजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास तक सीमित नहीं है, बल्कि आदर्श चम्पावत के संकल्प को धरातल पर उतारने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन योजनाओं के माध्यम से जनपद में सड़क, जल निकासी, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य और नागरिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हों।

जलभराव की समस्या से मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री ने टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए 86.83 करोड़ रुपये की जल निकासी योजना को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इसके तहत टनकपुर में 21 किलोमीटर से अधिक और बनबसा में लगभग 7.7 किलोमीटर लंबी नालियों का निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। इससे बरसात के दौरान दोनों क्षेत्रों में होने वाले जलभराव से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि टनकपुर और बनबसा उत्तराखण्ड तथा नेपाल के बीच व्यापार, आवागमन और पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र हैं। यहां आधारभूत सुविधाओं का विस्तार क्षेत्रीय विकास के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा। टनकपुर में 237.74 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक अंतरराज्यीय बस अड्डे का निर्माण किया जा रहा है। वहीं, शारदा कॉरिडोर के अंतर्गत शारदा घाट के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए पहले चरण में 107.35 करोड़ रुपये की परियोजना पर कार्य चल रहा है। इस कॉरिडोर की समग्र परियोजना की लागत तीन हजार करोड़ रुपये से अधिक है।
पूर्णागिरि धाम में रोपवे से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन
मुख्यमंत्री ने कहा कि मां पूर्णागिरि धाम में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से रोपवे निर्माण का कार्य प्रगति पर है। ककरालीगेट से पूर्णागिरि धाम जाने वाले मुख्य मार्ग पर किरोड़ा नाले में पुल निर्माण के लिए 48.38 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बनबसा में लगभग 502 करोड़ रुपये की लागत से लैंड पोर्ट परियोजना विकसित की जा रही है। इससे सीमावर्ती क्षेत्र में व्यापार, आवागमन और रोजगार की संभावनाएं बढ़ेंगी।
शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का होगा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी सरकार लगातार प्रयास कर रही है। लोहाघाट में 256.97 करोड़ रुपये की लागत से महिला स्पोर्ट्स कॉलेज का निर्माण किया जा रहा है। इससे पर्वतीय क्षेत्र की बेटियों को खेल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा दिखाने और राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।
इसके अलावा लगभग 55.53 करोड़ रुपये की लागत से विज्ञान केंद्र की स्थापना तथा लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से जनपद में विज्ञान शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आदर्श चम्पावत की परिकल्पना केवल एक जनपद के विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आदर्श उत्तराखण्ड के निर्माण की दिशा में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सरकार गांवों, सीमांत क्षेत्रों और दूरस्थ इलाकों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास की सार्थकता तभी है, जब योजनाओं का लाभ आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए।
पांच लाभार्थियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले पांच लाभार्थियों को सम्मानित किया। इनमें ग्राम बस्टिया, टनकपुर के त्रिलोक सिंह सामंत को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उन्नयन योजना, ग्राम गुदमी, बनबसा की लक्ष्मी देवी को महिला बकरी पालन योजना, ग्राम उचोलीगोठ की पूजा महर को राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, ग्राम बिचई के रोहित चंद को कृषि कवच (चैनलिंक फेंसिंग) तथा ग्राम गुदमी के आनंद प्रसाद को स्वरोजगार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।