सनी लियोनी की ‘चुड़ैल’ के अधिकारों पर विवाद, निर्माता गणेश जैन ने जारी किया सार्वजनिक नोटिस

मुंबई। अभिनेत्री सनी लियोनी और अभिनेता राहुल देव की आगामी हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘चुड़ैल’ रिलीज से पहले ही फिल्म के अधिकारों को लेकर विवाद में घिर गई है। पहले ‘कोका कोला’ नाम से चर्चित रही इस फिल्म को लेकर निर्माता एवं वितरक गणेश जैन ने सार्वजनिक नोटिस जारी कर फिल्म के विभिन्न अधिकारों पर अपना विशेष दावा किया है।

 

नोटिस में गणेश जैन ने दावा किया है कि उनके पास फिल्म के डिजिटल, टेलीविजन, सैटेलाइट, स्ट्रीमिंग, वीडियो-ऑन-डिमांड सहित कई अन्य अधिकारों को बेचने, लाइसेंस देने या हस्तांतरित करने का विशेष अधिकार है। उनके अनुसार ये अधिकार वर्ष 2019 और 2020 में हुए वित्तीय समझौतों के आधार पर उन्हें हस्तांतरित किए गए थे।

जैन ने फिल्म के कॉपीराइट, बौद्धिक संपदा, रीमेक, सीक्वल, प्रीक्वल, डबिंग, मर्चेंडाइजिंग और गेमिंग समेत कई अन्य अधिकारों पर भी अपना दावा जताया है। सार्वजनिक नोटिस में अन्य पक्षों को इन अधिकारों से संबंधित किसी भी लेन-देन से बचने की चेतावनी दी गई है। साथ ही, यदि किसी व्यक्ति या संस्था को फिल्म के अधिकारों को लेकर कोई आपत्ति या अलग दावा है तो उसे निर्धारित अवधि में दस्तावेजों के साथ सामने आने को कहा गया है।

टीएलवी प्रसाद के निर्देशन में बनी ‘चुड़ैल’ में सनी लियोनी, राहुल देव और मंदाना करीमी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म को हॉरर, कॉमेडी और संगीत के मिश्रण के रूप में पेश किया जा रहा है। अब अधिकारों को लेकर सामने आए विवाद के कारण फिल्म की रिलीज और उसके डिजिटल तथा टेलीविजन भविष्य पर भी नजरें टिक गई हैं।

#SunnyLeone #Chudail #RahulDev #Bollywood #BollywoodNews #SunnyLeoneNews #ChudailMovie #HorrorComedy #BollywoodUpdate #FilmNews #EntertainmentNews #HindiCinema #GaneshJain #MovieRights #FilmControversy

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *