बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवाणी की फिर बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

बीजेपी के वयोवृद्ध नेता लाल कृष्ण आडवाणी की फिर से तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें दिल्ली के अपोलो अस्पताल में बुधवार रात को भर्ती करवाया गया है। आडवाणी को मथुरा रोड स्थित अपोलो अस्पताल के आपातकालीन विभाग में ले जाया गया है। पिछले दिनों भी आडवाणी को दिल्ली के एम्स अस्पताल में एडमिट करवाया गया था। अपोलो अस्पताल ने बयान जारी करके कहा है कि वरिष्ठ बीजेपी नेता लाल कृष्ण आडवाणी को रात 9 बजे डॉ. विनीत सूरी की निगरानी में अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वे निगरानी में हैं और उनकी हालत स्थिर है।

लाल कृष्ण आडवाणी बीजेपी के वयोवृद्ध नेता व देश के पूर्व उप-प्रधानमंत्री हैं। 96 वर्षीय आडवाणी को पिछले दिनों नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया था, जिसके बाद 27 जून की दोपहर को छुट्टी दे दी गई थी। अस्पताल के सूत्रों ने बताया था कि आडवाणी को 26 जून की रात करीब 10.30 बजे एम्स में भर्ती कराया गया था। उनका यूरोलॉजी विभाग में इलाज चल रहा था। एम्स में डॉ. अमलेश सेठ की देखरेख में उनका इलाज चल रहा था और वे निगरानी में थे।

कई बार रह चुके हैं बीजेपी अध्यक्ष
लालकृष्ण आडवाणी को हाल ही में 30 मार्च, 2024 को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा भारत रत्न से सम्मानित किया गया है। आडवाणी ने 1942 में एक स्वयंसेवक के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) में शामिल होकर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू की। उन्होंने 1970 में अपना संसदीय जीवन शुरू किया जब वे राज्यसभा के लिए चुने गए। उन्होंने 1989 में नई दिल्ली से अपना पहला लोकसभा चुनाव लड़ा, जिसमें उन्होंने मोहिनी गिरी को हराया। उन्होंने 1986 से 1990 तक, फिर 1993 से 1998 तक और 2004 से 2005 तक भाजपा अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया। आडवाणी ने 1980 में अपनी स्थापना के बाद से सबसे लंबे समय तक पार्टी के अध्यक्ष के रूप में कार्य किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *