ओलिंपिक: मनु भाकर और लक्ष्य सेन जगाई पदक की उम्मीद

 

देहरादून:   अपना दूसरा ओलिंपिक खेल रही मनु भाकर ने ओलिंपिक खेलों में भारत के अभियान के पहले दिन 10 मीटर एयर पिस्टल के फाइनल में प्रवेश कर लिया जबकि बैडमिंटन में पदक के दावेदार सात्विक साइराज रंकीरेड्डी-चिराग शेट्टी और लक्ष्य सेन ने जीत के साथ आगाज किया और तोक्यो ओलिंपिक की कांस्य पदक विजेता भारतीय हॉकी टीम ने भी पहला मुकाबला जीता। भारतीय हॉकी टीम ने न्यूजीलैंड के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में 59वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक पर कप्तान हरमनप्रीत सिंह के गोल के दम पर 3-2 से जीत दर्ज की। इससे पहले तोक्यो ओलिंपिक में पिस्टल में खराब आने की कड़वी यादों को भुलाते हुए मनु महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में क्वालीफिकेशन में तीसरे स्थान पर रही । स्पर्धा का फाइनल रविवार को खेला जाएगा।

पेरिस के पोर्टे डे ला चापेले एरेना में खेले जा रहे बैडमिंटन मुकाबलों में लक्ष्य सेन ने ग्रुप एल में दुनिया के 41वें नंबर के खिलाड़ी केविन कोर्डन को सीधे गेम में हराया। दुनिया के 18वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य को गुआटेमाला के केविन ने दूसरे गेम में कड़ी टक्कर दी लेकिन भारतीय खिलाड़ी 42 मिनट में 21-8, 22-20 से जीत दर्ज करने में सफल रहा। वहीं खिताब के प्रबल दावेदार तीसरी वरीयता प्राप्त एशियाई खेल चैंपियन सात्विक और चिराग ने फ्रांस के लुकास कोरवी और रोनान लाबार को 21-17, 21-14 से हराया। साउथ पेरिस एरेना में हरमीत देसाई ने जोर्डन के जैद अबो यमन को 4-0 से हराकर टेबल टेनिस पुरूष एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। देसाई ने विश्व रैंकिंग में 538वें स्थान पर काबिज अपने प्रतिद्वंद्वी को एकतरफा मैच में आधे घंटे में हरा दिया। सूरत के 31 वर्ष के देसाई राष्ट्रमंडल खेल 2018 और 2022 में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम का हिस्सा थे, लेकिन ओलिंपिक में पहली बार खेल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *