साइना नेहवाल की जिंदगी का नया मोड़: सात साल की कहानी का अंत

कभी बैडमिंटन कोर्ट पर गगनचुंबी स्मैश मारने वाली साइना नेहवाल ने जिंदगी के कोर्ट पर एक बड़ा फैसला ले लिया है। सात साल पहले प्यार और सपनों की उड़ान के साथ शुरू हुई उनकी वैवाहिक कहानी अब थम गई है।

साइना ने एक छोटे से इंस्टाग्राम नोट में अपनी दिल की बात दुनिया से साझा की। उन्होंने लिखा —

“ज़िंदगी हमें कभी-कभी अलग रास्तों पर ले जाती है। बहुत सोचने के बाद, हमने अलग होने का फैसला किया है। हम शांति, विकास और अपने-अपने सफर को संवारने का विकल्प चुन रहे हैं। इन यादों के लिए आभारी हूँ और भविष्य के लिए शुभकामनाएँ देती हूँ। हमारी निजता का सम्मान करने के लिए धन्यवाद।”

7 साल पहले दोनों ने खाई थी 7 जन्म साथ रहने की कस्में

साल 2018 में साइना और पारुपल्ली कश्यप ने अपनी दोस्ती को रिश्ते का नाम दिया था। दोनों ने हैदराबाद में पुलेला गोपीचंद अकादमी में साथ ट्रेनिंग की, साथ खेले और साथ हंसे। दोनों का साथ, बैडमिंटन फैन्स के लिए एक परफेक्ट स्पोर्ट्स लव स्टोरी थी।

साइना, जो कभी दुनिया की नंबर 1 खिलाड़ी रहीं, उन्होंने भारत को पहली बार महिला सिंगल्स में ओलंपिक पदक दिलाया। लंदन ओलंपिक में उनका कांस्य पदक पूरे देश की उम्मीदों की चमक था। मगर हाल के सालों में उन्होंने घुटनों की गंभीर चोट और गठिया जैसी दिक्कतों का सामना किया।

इन सबके बीच, रिश्ते की डोर कमजोर होती गई। आखिरकार, दोनों ने अपने-अपने रास्तों पर आगे बढ़ने का फैसला कर लिया।

कश्यप ने अभी तक इस पर कोई बयान नहीं दिया है, पर साइना की पोस्ट ने साफ कर दिया है कि अब दोनों की राहें अलग हो चुकी हैं।

फैंस के लिए यह खबर एक झटका जरूर है, पर शायद यह फैसला दोनों के लिए एक नई शुरुआत का मौका भी है। साइना और कश्यप — दोनों को ही आगे के सफर के लिए बहुत सारी शुभकामनाएँ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *