एन-79 टेबल टेनिस प्रतियोगिता में मानवी और प्रियांशु का दबदबा

  • मानवी कोरंगा और प्रियांशु जोशी ने जीता दोहरा खिताब
  • राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उभरे नए चैंपियन, युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

देहरादून। एन-79 टेबल टेनिस एकेडमी, देहरादून द्वारा आयोजित चार दिवसीय राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में नैनीताल की मानवी कोरंगा और हल्द्वानी के प्रियांशु जोशी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दोहरा खिताब अपने नाम किया।

अंडर-13 बालक वर्ग में देहरादून के रुद्राक्ष विश्वकर्मा ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि सार्थक बिष्ट को रजत तथा जैविक आनंद और आभाष सिंह को संयुक्त रूप से कांस्य पदक मिला। अंडर-13 बालिका वर्ग में नैनीताल की मानवी कोरंगा ने स्वर्ण, पौड़ी की आन्या रावत ने रजत तथा कनिका बिष्ट और आंशिक ने कांस्य पदक हासिल किया।

अंडर-17 बालक वर्ग में देहरादून के आदिश नौटियाल ने स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। नैनीताल के भास्कर जोशी को रजत तथा देहरादून के मृगांक रावत और जैविक आनंद को कांस्य पदक मिला।

अंडर-21 बालक वर्ग में हल्द्वानी के प्रियांशु जोशी ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता साबित की। उत्तर प्रदेश के अमित मिश्रा को रजत तथा ऋषिकेश के पूरब सिंह चौहान और देवांश कोहली को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। इसी वर्ग की बालिका स्पर्धा में मानवी कोरंगा ने एक और स्वर्ण पदक जीतकर दोहरा खिताब अपने नाम किया। ऋषिकेश की स्कंद पाटनी को रजत तथा देहरादून की रिद्धिमा बिष्ट को कांस्य पदक मिला।

विजेताओं को मेडल देते अतिथिगण

पुरुष ओपन वर्ग में प्रियांशु जोशी ने स्वर्ण पदक जीता, पूरब सिंह चौहान को रजत जबकि अनिरुद्ध ध्यानी और भास्कर जोशी को कांस्य पदक प्राप्त हुआ।

समापन समारोह में मुख्य अतिथि डॉ. एस.एस. रावत ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने उत्तराखंड राज्य के रजत जयंती वर्ष उत्सव के अवसर पर सभी को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डॉ. रावत ने देश के स्वतंत्रता सेनानियों तथा उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों के योगदान पर संक्षिप्त प्रकाश डालते हुए खिलाड़ियों को उनके संघर्ष और बलिदान से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने खिलाड़ियों को टेबल टेनिस में देश के लिए ओलंपिक पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पूर्व साई टेबल टेनिस कोच आनंद सिंह बिष्ट उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. मोनिका रावत, रमेश बिष्ट, सागर, देवांश, शाश्वत, भव्य, इशिता, सांवरी सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, प्रशिक्षक और खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *