वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर डॉ. पूनम ठाकुर की नियुक्त

देहरादून। वीर माधो सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, देहरादून को नया कुलपति मिल गया है। राज्यपाल और विश्वविद्यालय की कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल (से नि) गुरमीत सिंह ने डॉ. पूनम ठाकुर को विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है।

यह नियुक्ति उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय अधिनियम-2005 की धारा-9 के उपधारा-(2) में निहित प्रावधानों के अनुसार की गई है। शासन द्वारा गठित चयन समिति द्वारा प्रस्तुत पैनल में से धारा-9 की उपधारा-(1) के तहत डॉ. ठाकुर का चयन किया गया।

डॉ. पूनम ठाकुर वर्तमान में महाप्रबंधक, राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान (नेप्टनाईट), विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार, फरीदाबाद, हरियाणा में कार्यरत थीं। वे विद्युतीय इंजीनियरिंग के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखती हैं और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में लंबा अनुभव भी रखती हैं। उनके नेतृत्व में कई महत्वपूर्ण तकनीकी परियोजनाओं एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।

राज्यपाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि डॉ. ठाकुर का कार्यकाल तीन वर्षों का होगा। विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और शोध कार्यों को नई दिशा देने के लिए उनसे बड़ी उम्मीदें की जा रही हैं।

राजभवन से जारी इस आदेश के बाद विश्वविद्यालय के शैक्षणिक समुदाय में खुशी की लहर दौड़ गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि डॉ. ठाकुर के अनुभव और नेतृत्व क्षमता से विश्वविद्यालय को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *