राष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीएम ने परखी तैयारियां

  • 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित प्रदेश भ्रमण के मद्देनजर अधिकारियों को सख्त निर्देश, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं तक पुख्ता इंतजाम करने को कहा

देहरादून.  राष्ट्रपति के आगामी 1 और 2 नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश देते हुए कहा कि राष्ट्रपति के निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त एंबुलेंस, चिकित्सा सुविधाएं और आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए। वहीं, विद्युत एवं पेयजल विभाग को दौरे के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों को संभावित व्यवधानों को ध्यान में रखते हुए पहले से तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

डीएम ने नगर निकायों और संबंधित विभागों को राष्ट्रपति के भ्रमण मार्गों तथा कार्यक्रम स्थलों पर साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्धारित समयसीमा में तैयारियां पूरी करने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन स्मिता परमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज शर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग ओमपाल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कई अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *