कोटद्वार। भाबर क्षेत्र के झंडीचौड़ में आज स्वर्गीय सुधींद्र नेगी की छठवीं पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उनकी पावन स्मृति में पर्यावरण संरक्षण को समर्पित वार्षिक पत्रिका ‘प्रयास’ के 17वें अंक का प्रकाशन किया गया। कार्यक्रम में सामाजिक, पत्रकारिता, राजनीति, खेलकूद और शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में गढ़वाल राइफल्स रेजिमेंट सेंटर से ब्रिगेडियर विनोद नेगी, सूबेदार मेजर शैलेंद्र सिंह बिष्ट और कांग्रेस महानगर अध्यक्ष मीना बंचवान शामिल रहे।
इस अवसर पर पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान के लिए कोटद्वार प्रेस क्लब के सचिव दिनेश पाल गुसाईं, सामाजिक क्षेत्र में योगदान के लिए मयंक कोठारी तथा शिक्षा के क्षेत्र में योगदान के लिए रिद्धि भट्ट को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के माध्यम से स्वर्गीय सुधींद्र नेगी के सामाजिक सरोकारों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण को याद किया गया। ‘प्रयास’ पत्रिका के 17वें अंक के प्रकाशन के साथ पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाजहित में कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।