- 2026 में भी कीमती धातुओं का जलवा
- 2,65,000 पर पहुंचीं सिल्वर
नई दिल्ली। सोमवार को चांदी 15,000 रुपये की भारी छलांग के साथ 2,65,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। पिछले सत्र में चांदी 2,50,000 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी। वहीं, सोने की कीमतों में भी मजबूती बनी रही और यह 2,900 रुपये की बढ़त के साथ 1,44,600 रुपये प्रति 10 ग्राम के नए रिकॉर्ड पर पहुंच गया।
साल की शुरुआत से ही तेज रफ्तार
वर्ष 2026 में अब तक चांदी की कीमतों में 26,000 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को चांदी का भाव 2,39,000 रुपये प्रति किलो था। इससे पहले, 2025 में चांदी ने निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दिया और पूरे साल में इसके दाम 1,48,500 रुपये प्रति किलो, यानी करीब 164 प्रतिशत तक चढ़े थे।
सोने की बात करें तो 2026 में अब तक इसके दाम 6,900 रुपये प्रति 10 ग्राम बढ़ चुके हैं। 2025 के आखिरी कारोबारी दिन सोना 1,37,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर था। बीते कैलेंडर वर्ष 2025 में सोने की कीमतों में कुल 58,310 रुपये या 73.45 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई थी।

वैश्विक बाजार से मिल रहा मजबूत समर्थन
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना और चांदी नए रिकॉर्ड बना रहे हैं। हाजिर सोना पहली बार 4,600 डॉलर प्रति औंस के पार निकल गया और 4,601.69 डॉलर प्रति औंस के रिकॉर्ड स्तर पर कारोबार करता देखा गया। वहीं, हाजिर चांदी भी 84.61 डॉलर प्रति औंस के नए उच्चस्तर पर पहुंच गई।
क्यों बनी हुई है तेजी?

बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, भू-राजनीतिक तनाव, अमेरिका में ब्याज दरों में संभावित कटौती और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग ने कीमती धातुओं को मजबूत सहारा दिया है। इसके अलावा, चीन द्वारा प्रोसेस्ड चांदी के निर्यात पर नियंत्रण से चांदी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है, जिससे कीमतों में आगे भी मजबूती बनी रह सकती है।

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।