खटीमा (नगरा तराई)। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को खटीमा के नगरा तराई क्षेत्र में अपने खेत में धान की रोपाई कर प्रदेश के किसानों को अभूतपूर्व सम्मान दिया। सीएम धामी ने न सिर्फ खेत में उतरकर धान के पौधे लगाए, बल्कि इस मौके पर किसानों के परिश्रम, त्याग और समर्पण को नमन करते हुए कहा कि खेतों में आकर उन्हें अपने पुराने दिनों की यादें ताजा हो गईं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, “किसान हमारी अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। वे अन्नदाता होने के साथ-साथ हमारी संस्कृति और परंपराओं के संवाहक भी हैं।”
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत हुड़किया बौल के माध्यम से भूमि के देवता भूमियां, जल के देवता इंद्र और छाया के देवता मेघ की वंदना कर वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
सीएम धामी की यह सांस्कृतिक और आत्मीय पहल क्षेत्रीय जनता को गहरे स्तर पर भावनात्मक रूप से जोड़ गई। ग्रामीणों और किसानों ने भी मुख्यमंत्री का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया।
मुख्यमंत्री ने इस पहल के माध्यम से न केवल कृषि के प्रति सम्मान व्यक्त किया, बल्कि पारंपरिक लोक कलाओं के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का भी संदेश दिया।

समाचार की दुनिया में हमें 15 साल से ज्यादा प्रिंट मीडिया काम करने का अनुभव है, जो आगे भी निरंतर जारी है। हमारा प्रयास रहेगा कि आपको देवभूमि की संस्कृति, परंपराओं और पर्यटन के साथ साथ सरकार की नीतियों, देश-दुनिया व क्राईम घटनाओं के बारे में सही जानकारी दें और आपको खबरों के माध्यम से अपडेट रखें। आप जन उत्तराखंड पोर्टल में कमेंट कर अपने सुझाव एवं न्यूज की जानकारी भी दें सकते है।